जिला पंचायत कार्यालय का भवन।फाइल फोटो
पीलीभीत। जिला पंचायत की पूरनपुर स्थित दुकानों पर काबिज 60 दुकानदार किराया नहीं दे रहे हैं। इससे विभाग को नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई बार नोटिस देने के बाद भी किराया न देने पर अब ऐसे 60 लोगों के खिलाफ आरसी जारी की गई है। इससे दुकानदारों में अफरातफरी है। बता दें कि करीब 50 लाख रुपये किराये का बकाया है।
करीब 15 वर्ष पहले जिला पंचायत ने दुकानों को किराये पर उठाया था। इसके लिए किराया भी तय किया गया। हर माह किराया जमा होता भी रहा। इधर कुछ दुकानदारों ने किराया देना बंद कर दिया। इस पर हर साल दुकानदारों को जिला पंचायत की ओर से नोटिस जारी कर किराया जमा करने के लिए कहा गया, इसके बाद भी दुकानदार नहीं जागे।
अब स्थिति यह हो गई कि दुकानदारों पर लाखों रुपये बकाया हो गया। ऐसे में बकाया राशि वसूलने के लिए अब 60 दुकानदारों के खिलाफ आरसी जारी की गई है। वसूली राजस्व विभाग करेगा।
60 बकायेदारों के खिलाफ आरसी जारी की गई है। वसूली तहसील प्रशासन करेगा। इनमें 15 दुकानदारों ऐसे हैं जिनपर 15 लाख रुपये से अधिक बकाया है।
- हरमीक सिंह, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत