बीसलपुर। कार्रवाई होने के डर से तहसील क्षेत्र के स्थानीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों ने राशनकार्डों का सत्यापन शुरू करा दिया है। बावजूद इसके खंड विकास अधिकारी ने अब तक सत्यापन शुरू नहीं कराया है।
शासन के निर्देश पर यहां के तत्कालीन एसडीएम महिपाल सिंह ने करीब तीन माह पूर्व यहां के तहसीलदार, तीनों खंड विकास अधिकारियों और तीनों अधिशासी अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में अपने कर्मचारियों से राशनकार्डों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए थे। एसडीएम का फरमान मिलते ही तहसील के लेखपालों ने तो उसी दिन से राशनकार्डों का सत्यापन करना शुरू कर दिया था। खंड विकास अधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों ने राशनकार्डों का सत्यापन कराना शुरू नहीं किया।
इस बीच तत्कालीन एसडीएम ने इन अधिकारियों को स्मरण पत्र भी भेजे, फिर भी इन अधिकारियों ने राशनकार्डों का सत्यापन शुरू नहीं कराया। करीब डेढ़ सप्ताह पूर्व तत्कालीन एसडीएम ने डीएम संजय कुमार सिंह को पत्र भेजकर राशनकार्डों का सत्यापन कराने में तीनों खंड विकास और अधिशासी अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
उन्होंने इन लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई करने की संस्तुति की। कार्रवाई होने के डर से अधिशासी अधिकारियों ने तो अपने कर्मचारियों से राशनकार्डों का सत्यापन कराना शुरू कर दिया है, लेकिन खंड विकास अधिकारी अब भी इस मामले में टस से मस नहीं हुए हैं। इसकी पुष्टि क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मनोज कुमार शर्मा ने की है।