पीलीभीत। जनपद में पहली बार स्वयं सहायता समूह द्वारा सरकारी राशन का वितरण कराया जाएगा। डीएम ने स्वयं सहायता समूहों की मदद से राशन वितरण कराने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं।
सोमवार को डीएम पुलकित खरे मरौरी ब्लॉक के गांव जारकल्लिया में चंदा स्वयं सहायता समूह के साथ शुभारंभ करेंगे। शासन के निर्देश पर सरकारी राशन की दुकानों के आवंटन में स्वयं सहायता समूह को स्थान दिया गया। डीएम ने शासन के निर्देशों के तहत इसके लिए 10 स्वयं सहायता समूह का चयन किया। इन स्वयं सहायता समूहों की मदद से सरकारी राशन का वितरण कराया जाएगा। गांव लदपुरा में बालाजी स्वयं सहायता समूह के लिए एसडीएम सदर, गांव ढेरम मडरिया में राधास्वामी स्वयं सहायता समूह के साथ जिला पूर्ति अधिकारी, गांव करोड़ में मां संतोषी स्वयं सहायता समूह के साथ जिला समाज कल्याण अधिकारी को नोडल नामित किया गया है। गांव दिलावरपुर में डॉ. भीमराव आंबेडकर स्वयं सहायता समूह में एसडीएम पूरनपुर, गांव जटपुरा के ओम स्वयं सहायता समूह में जिला गन्ना अधिकारी, जमुनिया जगतपुर में जय लक्ष्मी महिला स्वयं सहायता समूह में जिला आबकारी अधिकारी नोडल अधिकारी नामित किए गए। गांव बिलासपुर के स्वयं सहायता समूह शिवशक्ति को एसडीएम बीसलपुर, गांव खिरकिया में सुमरन स्वयं सहायता समूह में परियोजना निदेशक, मधुपुरी के जय लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह में जिला कृषि अधिकारी नोडल बनाए गए। डीएम ने बताया कि सोमवार से स्वयं सहायता समूह के माध्यम से राशन वितरण कराया जाएगा।