पूरनपुर। गैर समुदाय के युवक के साथ होटल में पकड़ी गई महिला की ओर से पुलिस ने मुख्य आरोपी युवक और मौलाना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मुख्य आरोपी का चालान करने के साथ ही पुलिस ने आरोपी मौलाना की भी तलाश शुरू कर दी है।
नगर के एक होटल में शनिवार को महिला को जबरन लेकर पहुंचे गैर समुदाय के युवक की हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारियों ने पिटाई की थी। महिला ने युवक पर धर्म छिपाकर प्रेमजाल में फंसाने के बाद उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने, बीमार होने पर मौलाना के पास ले जाकर उसे सौंपने और मौलाना पर पूरी रात घर में रखकर उससे दुष्कर्म करने के आरोप लगाए थे।
महिला का कहना था कि उसकी अश्लील वीडियो और फोटो खींचकर वायरल करने की धमकी देकर उसे जबरन होटल में ले जाया गया था। कोतवाल राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि सेहरामऊ उत्तरी के गांव बासूपुर निवासी जहांगीर और पूरनपुर देहात के मोहल्ला खानकाह निवासी मौलाना नूर मोहम्मद अजहरी के खिलाफ दुष्कर्म, जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जहांगीर का रविवार को चालान कर दिया गया। मौलाना की तलाश कराई जा रही है। शीघ्र ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।