पीलीभीत। हल्की हवाओं के साथ हुई बारिश में आधे शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती से उपभोक्ता बिलबिला उठे। सोमवार की रात में भी शहर के अलग-अलग इलाकों में हुए बिजली फॉल्ट व कटौती की समस्या से उपभोक्ताओं को परेशानी हुई।
मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे हल्की हवाओं के साथ हुई बारिश में शहर के आधे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ऐसे में शहर के सेंट्रल बैंक के पास, एकता नगर, लाल रोड, अग्रवाल सभा, मोहल्ला शाहरुख, शरीफ खां चौराहे के आस-पास आदि इलाकों में बिजली आपूर्ति गुल हो गई। इसके अलावा 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने से इससे जुड़े करीब दस से अधिक मोहल्लों की आपूर्ति बाधित हो गई।
सोमवार की देर रात करीब नौ बजे दूधिया मंदिर रोड, मोहल्ला खुशीमल, शेखचांद, कमल्ले चौराहे, लाल रोड, शेख चांद, बर्फ वाली गली, मोहल्ला अशरफ खां, मोहल्ला मलिक मोहम्मद, मोहल्ला भूरे खां आदि इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। एक्सईएन आशीष यादव ने बताया कि बारिश के चलते कुछ इलाकों में फॉल्ट हुए। टीमों को भेजकर उन्हें दुरुस्त करा दिया गया। संवाद