कलीनगर। औषधि निरीक्षक ने शनिवार को माधोटांडा क्षेत्र में सीमावर्ती इलाके तक कई मेडिकल स्टोरों पर छापे मारे। अधिकतर मेडिकल स्टोर पर लापरवाही व अनियमितताएं मिलीं। सूचना पर कई दुकानदार, मेडिकल स्टोर बंद कर निकल गए।
माधोटांडा क्षेत्र में औषधि निरीक्षक नेहा वैश्य ने पहले दीप मेडिकल स्टोर पर निरीक्षण किया। दवा व्यवसाय संबंधित अभिलेख के अलावा दवाओं के क्रय-विक्रय की जांच की। मौके पर प्रोपराइटर व फार्मासिस्ट मौजूद नहीं मिले। इस पर चेतावनी दी गई। रमनगरा गांव स्थित नकुल मेडिकल स्टोर पर जांच की। कई अनियमितताएं मिलीं।
यहां भी प्रोपराइटर और फार्मासिस्ट उपस्थित नहीं मिले। चेतावनी देकर स्टोर बंद करवाकर नोटिस जारी किया गया। सूरज मेडिकल स्टोर पर दवाओं से संबंधित प्रपत्र की जांच में अनियमितताएं मिलीं। इधर छापों की सूचना फैलने पर नौजल्हा और गभिया सहराई क्षेत्र के मेडिकल स्टोर बंद हो गए। इस पर टीम को लौटना पड़ा। औषधि निरीक्षक ने बताया कि निरीक्षण आख्या औषधि उपायुक्त बरेली को भेजी जाएगी। अनियमितताओं पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद