नशीली दवाएं बेचने की शिकायत पर सिटी मजिस्ट्रेट ने टीम के साथ मझोला स्थित जनता मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। सिटी मजिस्ट्रेट के साथ पहुंची टीम ने पांच दवाओं के नमूने लिए। कुछ कागजात भी कब्जे में लिए हैं। मझोला कस्बा स्थित जनता मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाएं खुलेआम बेचे जाने की शिकायत डीएम को मिली थी। उन्होंने इसकी जांच सिटी मजिस्ट्रेट को दी थी। डीएम के निर्देश पर सोमवार को दोपहर सिटी मजिस्ट्रेट राजित राम प्रजापति ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सूरज यादव, ड्रग इंस्पेक्टर बविता रानी, पवन कुमार के साथ जनता मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। टीम ने दुकान में रखी दवाएं चेक कीं। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मेडिकल स्टोर पर थोक दवा बिक्री का लाइसेंस है, लेकिन दवाओं की फुटकर बिक्री भी की जा रही थी। दवाइयों की बिक्री के अभिलेख अधूरे पाए गए, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया। जांच के दौरान पांच दवाएं संदिग्ध मिलीं, जिनके नमूने लिए गए। करीब दो घंटे तक चली इस कार्रवाई के चलते कस्बे के अन्य मेडिकल स्टोर और बिना डिग्री के चल रहीं चिकित्सा की दुकानें बंद हो गई। ड्रग इंस्पेक्टर बविता रानी ने बताया कि टीम में बरेली व बदायूं के ड्रग इंस्पेक्टर भी शामिल रहे। दवाइयों के नमूने जांच को भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट मिलने और अभिलेखों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।