पीलीभीत। शहर से सटे ग्राम चिड़ियादाह में धर्मांतरण कराए जाने की सूचना पर बुधवार रात सुनगढ़ी थाना पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान पुलिस को देखते ही लोग भाग गए। मौके पर पुलिस को धर्मांतरण से जुड़े कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले। सूचना के बाद हिंदू संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई की मांग की।
थाना सुनगढ़ी पुलिस को बुधवार रात हिंदू संगठन से जुड़े एक पदाधिकारी ने फोन पर सूचना दी कि ग्राम चिड़ियादाह में लंबे समय से धर्मांतरण का कार्य किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए इंस्पेक्टर नरेश त्यागी पुलिस फोर्स के साथ तत्काल गांव पहुंचे और मौके पर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार गांव में कुछ लोग एकत्र दिखाई दिए, लेकिन पुलिस को देखते ही वे अपनी गाड़ियों से मौके से भाग गए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाश की, हालांकि कोई आपत्तिजनक सामग्री या धर्मांतरण से संबंधित दस्तावेज बरामद नहीं हो सके। इधर, सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए।
संगठन के लोगों का आरोप है कि कुछ युवक उन्हें देखकर भागे और रेलवे क्राॅसिंग पार कर एक विद्यालय के सामने स्थित विशेष समुदाय के व्यक्ति के घर में घुस गए। आरोप यह भी लगाया गया कि युवकों ने अपनी गाड़ियों को विद्यालय परिसर के अंदर खड़ा कर दिया। पुलिस ने चिड़ियादाह निवासी एक युवक से पूछताछ की, लेकिन उसने किसी भी प्रकार की गतिविधि से इन्कार किया। पुलिस ने गांव में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या धर्मांतरण से जुड़ा कोई साक्ष्य मिलता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस गांव में नजर बनाए हुए है।