अपर निदेशक (स्वास्थ्य) अनीता दत्ता ने सीएचसी का निरीक्षण और समग्र ग्राम रघुनाथपुर में विकास कार्यों का सत्यापन किया। सीएचसी में साफ-सफाई और मरीजों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। समग्र गांव के निरीक्षण में शौचालयों में कंडे भरे मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और एक शौचालय में भरे कंडों को अपने सामने बाहर निकलवाया।
समग्र गांव में विकास कार्यों के सत्यापन के एडी के कार्यक्रम की भनक पहले ही स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को लग गई थी। इसको लेकर पहले से ही व्यवस्थाएं चाक चौबंद थीं। उन्होंने लेबर रूम, ओपीडी आदि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई रखने और मरीजों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश सीएचसी अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह को दिए। सीएचसी निरीक्षण के बाद उन्होंने समग्र गांव रघुनाथपुर में विकास कार्यों का सत्यापन किया। यहां उन्होंने इंदिरा आवास, लोहिया आवास, हैंडपंप, सड़कें, शौचालयों आदि को देखा। निरीक्षण मेें एडी को गांव के कई शौचालयों में उपले भरे मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त कर एक शौचालय को अपने सामने खाली कराया। साथ ही लोगों को खुले में शौच न करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. आरसी शर्मा, सीएचसी के एमओआईसी डॉ. मोहम्मद असलम आदि मौजूद रहे।
नगर पालिका सदस्यों ने सौंपा ज्ञापन
पूरनपुर। नगर पालिका के सदस्य और सपा नेता तौफीक अहमद कादरी, नादिर रजा बरकाती, मानू चिश्ती ने सीएचसी में गंदगी रहने, जनरेटर की सुविधा मरीज और तीमारदारों को न मिलने आदि की शिकायत की। साथ ही चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सीएचसी में सर्जन और विशेषज्ञों की तैनाती कराने, अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती कराने, ब्लड बैंक की स्थापना कराने, जनरेटर की सुविधा दिलवाने आदि की मांग की गई है। एडी ने समस्याओं के समाधान कराने का आश्वासन दिया।