पीलीभीत। पुलिस को चकमा देकर भागे उन्नाव के युवक को ग्रामीणों ने दूसरे दिन गांव किनारे की सड़क से पकड़ लिया। युवक के तब्लीगी जमात से लौटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने युवक का सैंपल लेकर उसे 14 दिन के लिए क्वारंटीन वार्ड में रखा है। उधर, डीएम ने एएसपी से पूरे मामले की जांच कराकर रिपोर्ट देने को कहा है।
लॉकडाउन पार्ट टू में जिले की सीमाएं सील होने के बाद भी लोग 400 से 500 किमी तक का सफर तय कर दूसरे जनपदों में पहुंच रहे हैं। मंगलवार को पूरनपुर तहसील के घुंघचाई कस्बे से निकलकर जा रहे एक युवक को ग्रामीणों ने सड़क पर ही रोक लिया। युवक ने खुद को उन्नाव का रहने वाला बताया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना 108 एंबुलेंस को दी मगर, एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से संपर्क कर पूरी स्थिति से अवगत कराया।
एंबुलेंस मौके पर भेजकर युवक को पीलीभीत लाया गया। यहां पुराने अस्पताल स्थित क्वारंटीन वार्ड में लाने के बाद उसकी स्क्रीनिंग की गई। युवक ने खुद को पारा थाना मोरावा जिला उन्नाव का निवासी बताया है। फिलहाल युवक पूछताछ में स्वास्थ्य विभाग की टीम को लगातार गुमराह कर रहा है। युवक का सैंपल लेने के बाद उसे 14 दिन के लिए क्वारंटीन वार्ड में रखा गया है। बताया जाता है कि इसी युवक को एक दिन पहले सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने पकड़ा था, लेकिन वहां यह पुलिस को चकमा देकर भाग गया था। वहीं डीएम वैभव श्रीवास्तव ने मामले की जानकारी होने पर एएसपी रोहित मिश्रा को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
पूरनपुर क्षेत्र से एक युवक को लाया गया है। स्क्रीनिंग करने के बाद युवक का सैंपल लेकर उसे 14 दिन के लिए क्वारंटीन वार्ड में शिफ्ट किया गया है। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ