बरेली के थाना देवरनिया के गांव गिरधरपुर से चोरी हुई क्वालिस पुलिस ने बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वाहन चोर गिरोह के सदस्य वाहन का कलर और अलग-अलग नंबरों की प्लेट लगाकर इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने वाहन से दो नंबर प्लेट भी बरामद की हैं। गिरोह का सरगना अमरिया निवासी डॉ. जरीफ है। जिसे 10 दिन पहले उत्तराखंड की सितारगंज पुलिस बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
एसओ धनंजय सिंह ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी थी कि कुछ लोग चोरी की क्वालिस गाड़ी के साथ कई दिनों से क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने वाहन की सुरागरसी शुरू की। पुलिस ने निसरा के पास परेवा तिराहे के निकट क्वालिस बरामद कर थाना न्यूरिया के गांव गुलड़िया दुल्हन निवासी मुजीब और इस्तखार को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान वाहन में उत्तराखंड के अलग-अलग नंबर लिखी दो प्लेटे बरामद कीं। वाहन पर लगी प्लेट पर एचआर 38 एफटी 5630 नंबर अंकित था। उन्होंने बताया कि जब पुलिस ने चेसिस और इंजन नंबर की जांच की तो वाहन का नंबर दूसरे निकला। जांच में बरामद गाड़ी बरेली के थाना देवरनिया के गांव गिरधरपुर निवासी खतीब अहमद की निकली। पुलिस ने बताया कि खतीब की गाड़ी नौ नवंबर को चोरी हो गई थी। जिसकी रिपोर्ट भी संबंधित थाने पर दर्ज है। वाहन चोरों ने वाहन का कलर लाल की जगह नीला करा दिया था। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपियों ने जुर्म स्वीकार करते बताया कि उनके गिरोह का सरगना अमरिया निवासी डॉ. जरीफ है। जिसे उत्तराखंड के सितारगंज की पुलिस दस दिन पहले जेल भेज चुकी है।