बीसलपुर। शासन की ओर से पीडब्ल्यूडी को दी गईं गन्ना विभाग की सड़कों की मरम्मत जल्द शुरू कराई जाएगी। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता गौरव कुमार गुप्ता ने रविवार को इन सड़कों का हाल देखा।
गांव नौगवां संतोष से घुरीखास तक जाने वाली दो किलोमीटर लंबी, रामशाला से आजमपुर बरखेड़ा तक जाने वाली डेढ़ किलोमीटर लंबी, नगर से गांव चौसरा तक जाने वाली एक किलोमीटर लंबी, गांव चौसरा से गांव भसूंड़ा तक जाने वाली एक किलोमीटर लंबी और बीसलपुर दियोरिया रोड से गांव घुरी खास तक आठ सौ मीटर लंबी सड़क पीडब्ल्यूडी को दी गई है। अब तक यह सड़कें गन्ना विभाग के पास थीं।
बजट की कमी सहित अन्य कारणों की वजह से जर्जर होने के बावजूद गन्ना विभाग इन सड़कों की मरम्मत नहीं करवा रहा है। शासन ने लोक निर्माण विभाग को इन जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए हैं। इसी क्रम में अवर अभियंता ने रविवार को इन सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया।
बताया कि जल्द ही प्रस्ताव बनाकर मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। बजट मंजूर होते ही सभी सड़कों पर काम शुरू करा दिया जाएगा। इससे गन्ना लेकर चीनी मिल जाने वाले किसानों के साथ ही आसपास के गांवों के लोगों के लिए भी आवागमन में सहूलियत होगी।