पीलीभीत। गांधी स्टेडियम के मैदान पर सोमवार को जिला स्तरीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता (बालक वर्ग) में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में निर्धारित समय तक दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में पब्लिक इंटर कॉलेज पूरनपुर ने रामा इंटर कॉलेज पीलीभीत को 3-2 से हराकर जिला स्तरीय प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जिला स्तरीय फुटबॉल टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन भी किया गया। चयनित टीम अब 20 अगस्त को बरेली में होने वाली मंडलीय फुटबॉल प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
जिला स्तरीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार को गांधी स्टेडियम के मैदान पर सुबह 10 बजे से किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। इसमें रामा इंटर कॉलेज, पब्लिक इंटर कॉलेज, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, एसएन इंटर कॉलेज, गुरुनानक इंटर कॉलेज, स्टेप अप इंटर कॉलेज और उच्च प्राथमिक विद्यालय चंदिया हजारा के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
प्रतियोगिता के मुकाबलों में रामा इंटर कॉलेज ने ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में पब्लिक इंटर कॉलेज ने एसएन इंटर कॉलेज को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
इसके बाद खिताबी मुकाबला पब्लिक इंटर कॉलेज पूरनपुर और रामा इंटर कॉलेज पीलीभीत के बीच हुआ। दोनों टीमों ने निर्धारित समय में गोल करने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन किसी भी टीम को सफलता नहीं मिली। मुकाबला गोलरहित रहने के बाद पेनाल्टी शूटआउट हुआ। इसमें पब्लिक इंटर कॉलेज ने 3-2 से बाजी मारते हुए जिला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
20 अगस्त को बरेली में खेलेगी जिला टीम
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर जिला स्तरीय फुटबॉल टीम का चयन किया गया है। जिला क्रीड़ा सचिव राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि चयनित टीम 20 अगस्त को बरेली में आयोजित मंडलीय फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। खिलाड़ियों से मंडल स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
ये खिलाड़ी जिला टीम में चुने गए
मंडलीय प्रतियोगिता के लिए चयनित जिला स्तरीय फुटबॉल टीम में चंदन गुप्ता, मोहन कर्मकार, भोला साना, रोहान देवान, समरेश सरकार, चिरंजीत, गोपाल, सुखदेव, अभिजीत, जीत, जीत मलिक, राम, प्रखर त्रिपाठी, अनिकेत, आरुष, अंशु, मानव गीहर, शांतनु सिंह, अभिनव और सरप्रीत सिंह को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार गौड़, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अनिल महेंद्र, बैडमिंटन संघ के सचिव मनोज गंगवार, संजय कुमार सरकार, नरेंद्र मौर्य तथा अखिलेश शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।