पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र मंगलवार शाम 30 जून को समाप्त हो जाएगा। मानसून के कारण अब यह 15 नवंबर तक बंद रहेगा। इस सत्र में 53 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) का पर्यटन सत्र 30 जून मंगलवार शाम से बंद हो जाएगा। सोमवार को बड़ी संख्या में पर्यटक जंगल की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने और बाघ सहित वन्यजीवों के दीदार के लिए पहुंचे। अब मानसून के दौरान रिजर्व पर्यटकों के लिए बंद रहेगा और अगला पर्यटन सत्र 15 नवंबर से शुरू होगा।
विज्ञापन
पर्यटन सत्र हर साल नवंबर माह में शुरू होकर जून तक चलता है। इस सत्र का समाप्त होने के एक दिन पूर्व सोमवार को 400 से अधिक पर्यटकों ने जंगल सफारी कर बाघ, हिरन समेत अन्य वन्यजीवों का दीदार किया। इस पर्यटन सत्र के दौरान जिले के अलावा प्रदेश और देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक पीटीआर पहुंचे।
53 हजार से ज्यादा पर्यटक आए
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, 20 जून तक 53 हजार से अधिक पर्यटक टाइगर रिजर्व का भ्रमण कर चुके थे। इसके बाद के दिनों में पहुंचे पर्यटकों की संख्या का आकलन किया जा रहा है। पूरे सत्र में बाघों की मौजूदगी पर्यटकों के आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र रही।
विज्ञापन
विशेष रूप से शावकों के साथ जंगल में विचरण करती बाघिन को देखने के लिए पर्यटकों में खास उत्सुकता रही। कई पर्यटकों ने वन्यजीवों के दुर्लभ नजारों को अपने कैमरों में कैद किया। रेंजर सहेंद्र यादव ने बताया कि सोमवार को चार सौ से अधिक पर्यटक पीटीआर पहुंचे। अंतिम दिन पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा और सफारी संचालन के लिए विभागीय टीमों को सक्रिय रखा गया है।