पीलीभीत। पीटीआर के नए पर्यटन सत्र में जंगल सफारी की जिम्मेदारी संभालने वाले नेचर गाइडों के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। पर्यटन विभाग की ओर से इस बार चयन से पूर्व दो चरणों में प्रशिक्षण कराया जाएगा। परीक्षा परिणाम के आधार पर चयन किया जाएगा।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र नवंबर माह से शुरू हो रहा है। नए सत्र के लिए पर्यटन स्थलों की व्यवस्थाओं को सुधारने के प्रयास तेज हो गए हैं। इसके साथ ही जंगल सफारी के मार्गों की मरम्मत भी शुरू करवा दी गई है। सत्र के दौरान देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशी सैलानियों की आमद भी होती है।
सैलानियों की संख्या हर साल बढ़ रही है। ऐसे में जंगल सफारी के दौरान सैलानियों को पर्यटन स्थल, जंगल और वन्यजीवों के बारे में बेहतर जानकारी देने के उद्देश्य से नेचर गाइडों के अनुभव को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए पर्यटन विभाग की ओर से नेचर गाइडों के चयन से पूर्व प्रशिक्षण कराया जाएगा।
डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि 21 से 26 अक्तूबर और तीन से आठ नवंबर तक दो चरणों में प्रशिक्षण कराया जाएगा। प्रशिक्षण के अंत में संस्था की ओर से एक परीक्षा का आयोजन भी किया जाएगा। इसके आधार पर सत्र के लिए नेचर गाइडों का अंतिम चयन होगा।
0000
बारहवीं पास कर सकते हैं आवेदन
डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि नेचर गाइडों के लिए शैक्षिक योग्यता 12 वीं पास रखी गई है। आवेदक पर पुलिस और वन अपराध का कोई केस नहीं होना चाहिए। इच्छुक लोग 20 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी 12वीं का परीक्षा फल, पहचान पत्र, आधार और पेन कार्ड की छायाप्रति पीटीआर मुख्यालय में जमा करेंगे। पिछले पांच वर्ष से अधिक समय से कार्यरत नेचर गाइडों को शैक्षिक योग्यता के आधार पर छूट दी जाएगी।