पीलीभीत। घास के हरे-भरे मैदान और यहां विचरण करते बाघों के दीदार से पहचान रखने वाले पीलीभीत टाइगर रिजर्व और चूका बीच नए साल पर सैलानियों के स्वागत के लिए तैयार हैं। नए साल को यादगार बनाने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंच रहे हैं। आलम यह है कि चूका बीच की अधिकांश हटें 10 जनवरी तक के लिए बुक हो चुकी हैं।
यहां आने वाले सैलानी निजी होटल और रेस्त्रां के साथ-साथ रिसॉर्ट में ठहरने के इंतजाम कर रहे हैं। 1500 से लेकर चार हजार रुपये तक के रूम उपलब्ध हैं। टाइगर रिजर्व घूमने के लिए शहर के नेहरू पार्क के अलावा महोफ गेट नंबर एक और मुस्तफाबाद से सफारी वाहन मिल सकते हैं। नेहरू पार्क से करीब पांच हजार और महोफ गेट नंबर एक और मुस्तफाबाद से चार हजार रुपये का खर्च होंगे।
तीन घंटे की समय सीमा में उन्हें चूका बीच, लालपुर, बारहसिंघा, बाइफरकेशन, सायफन, सात झाल, संभरताल के भ्रमण का मौका मिलेगा। इस दौरान वह जंगल की प्राकृतिक छठा का आनंद लेने के साथ वन्यजीवों के दीदार भी कर सकेंगे। चूका बीच में सैलानियों के लिए खाने-पीने की पर्याप्त व्यवस्था है। कैंटीन में चाय, कॉफी के साथ ही दाल, दाल मखनी, दाल तड़का, गोभी पराठा समेत तमाम व्यंजन मिलते हैं।
0000
पीटीआर में ट्री और वाटर हट आकर्षण का केंद्र
सैलानियों को लुभाने के लिए चूका बीच में ट्री हट, वाटर हट, थारू हट आकर्षण का केंद्र है। इसको बुक करने के बाद रात में चूका बीच का आनंद आप भी ले सकते हैं। मोटर बोट से शारदा डैम मस्ती कर सकते हैं। इस सत्र में अबतक 10 हजार से अधिक सैलानी चूका बीच और पीटीआर का भ्रमण करने आ चुके हैं। वहीं, करीब 150 विदेशी सैलानियों की आमद भी यहां हो चुकी है। सैलानियों को दो शिफ्टों में जंगल सफारी का भ्रमण कराया जाता है। इसमें सुबह सात बजे से 10 बजे तक और दोपहर बाद तीन बजे से छह बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
000
सैलानियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। नए साल पर सैलानियों की आमद को देखते हुए टीम को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। नियमों का पालन कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। - मनीष सिंह, डीएफओ