फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: पर्यटकों की भीड़ से गुलजार हुआ पीटीआर, बुधवार को भी होगी जंगल सफारी

Tue, 10 Nov 2026 11:43 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
विज्ञापन
मुस्तफाबाद ​स्थित बुकिंग काउंटर के बाहर लगी सैलानियों की कतार। स्रोत सैलानी।
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पर्यटन सीजन की शुरुआत के साथ ही सैलानियों का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। जंगल की हरियाली, वन्यजीवों के दीदार और रोमांचक सफारी का आनंद लेने के लिए पर्यटकों की आमद लगातार बढ़ रही है। दीपावली की छुट्टियों में उमड़ी भीड़ का असर यह है कि जंगल सफारी की सुबह और शाम दोनों शिफ्टों के सभी स्लॉट 11 नवंबर तक बुक हो चुके हैं। पर्यटकों की बढ़ती मांग को देखते हुए पीटीआर प्रशासन ने साप्ताहिक बंदी के दिन बुधवार को भी जंगल सफारी कराने का फैसला लिया है।
पर्यटन सत्र शुरू हुए अभी पखवाड़ा भी नहीं बीता है, लेकिन पीटीआर के पर्यटन स्थलों पर रौनक बढ़ने लगी है। देश के अलग-अलग हिस्सों से पर्यटकों के पहुंचने के साथ ही विदेशी सैलानियों का आकर्षण भी बढ़ा है। श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन के पर्यटकों ने भी ऑनलाइन बुकिंग कराई है। दीपावली के अवकाश में परिवार और दोस्तों के साथ जंगल की सैर करने पहुंच रहे लोगों के चलते सफारी वाहनों की मांग भी बढ़ गई है। स्थिति यह है कि कई पर्यटकों को अपनी पसंद के समय पर सफारी का मौका नहीं मिल पा रहा है। सुबह की पहली किरण के साथ जंगल में वन्यजीवों की तलाश और शाम की सफारी में प्राकृतिक नजारों को करीब से देखने की चाह पर्यटकों को खींच रही है। बाघ समेत दूसरे वन्यजीवों के दीदार की उम्मीद भी सैलानियों के उत्साह को बढ़ा रही है। सुबह और शाम की शिफ्टों में सबसे अधिक मांग है। दोपहर के समय जंगल घूमने के इच्छुक पर्यटकों को भी उपलब्ध स्लॉट के अनुसार ही अपनी योजना बनानी पड़ रही है। छुट्टियों का मौका हाथ से न निकल जाए, इसलिए सैलानी पहले से ही बुकिंग करा रहे हैं। श्रीलंका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया से भी सैलानी पहुंचे हैं।
विज्ञापन


बंदी के दिन भी पर्यटकों को मिलेगा सफारी का मौका

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में सामान्य तौर पर बुधवार को साप्ताहिक बंदी रहती है। इस दिन पर्यटन गतिविधियां बंद रखी जाती हैं, लेकिन पर्यटकों की लगातार बढ़ती आमद को देखते हुए प्रशासन ने बुधवार को भी जंगल सफारी संचालित करने का निर्णय लिया है। हालांकि, मंगलवार और बुधवार दोनों दिनों की सुबह और शाम की शिफ्टों की ऑनलाइन बुकिंग पहले ही फुल हो चुकी है। ऐसे में इन तारीखों के लिए अब नई बुकिंग नहीं हो सकेगी।
विज्ञापन


वर्जन

पर्यटन सत्र के शुरुआती दौर में ही पर्यटकों की संख्या में खासा इजाफा हो रहा है। मंगलवार और बुधवार की दोनों शिफ्टों में सफारी की बुकिंग पूरी हो चुकी है। सैलानियों के आने का सिलसिला लगातार जारी है। उनकी बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्यटन व्यवस्थाओं के संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। - मनीष सिंह, डीएफओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें