भाजपा का दामन छोड़कर राष्ट्रीय लोकदल से विधानसभा बरखेड़ा से प्रत्याशी बने स्वामी प्रवक्तानंद के समर्थकों से भरी तीन ट्रालियां सचल दल ने सीज कर दी। प्रशासन की कार्रवाई को गलत बताते हुए थाने पहुंचकर रालोद प्रत्याशी ने विरोध जताया। कार्रवाई के पीछे सत्ता का दबाव होने के आरोप लगाए। शनिवार को रालोद के बरखेड़ा विधानसभा प्रत्याशी स्वामी प्रवक्तानंद ने नामांकन कराया। इसको लेकर समर्थक मां यशवंतरी देवी मंदिर प्रांगण में एकत्र हो रहे थे। इसे लेकर देहात क्षेत्रों से काफी भीड़ बुलाई गई थी। इसी क्रम में करीब तीन ट्रालियों में सवार होकर 100 समर्थक बरखेड़ा से पीलीभीत आ रहे थे। बीसलपुर रोड पर जिरौनिया पुलिस चौकी के पास सचल दल के नायब तहसीलदार अनुराग सिंह, एसएसआई आरके भारद्वाज, सिपाही विवेक पटेल ने चेकिंग के दौरान ट्रैक्टर ट्रालियां रोक ली। समर्थकों के नामांकन में शामिल होने के लिए जाने की बात कहने पर अधिकारियों ने वाहनों के कागजात चेक करना शुरू कर दिये। कागजात न दिखा पाने पर तीनों वाहनों को थाने लाकर सीज कर दिया। इसको लेकर काफी नोकझोंक होती रही। प्रत्याशी स्वामी प्रवक्तानंद का कहना है कि प्रशासन ने सत्ता के दबाव में गलत तरीके से कार्रवाई की है। नामांकन को लेकर लोगों को बुलाने की अनुमति ली गई थी। इधर पुलिस वाहनों के कागजात न होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कह रही है।