पीलीभीत। परिवहन निगम के निजीकरण के विरोध में रोडवेज कर्मियों ने डिपो परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने एआरएम को ज्ञापन सौंपकर मांगों का निस्तारण कराने की मांग की।
रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के बैनर तले बृहस्पतिवार को कई रोडवेजकर्मी डिपो परिसर में एकत्र हुए। यहां उन्होंने यूनियन शाखा मंत्री शिव प्रकाश के नेतृत्व में परिवहन निगम के निजीकरण के विरोध में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कहा कि इस व्यवस्था से निगम के करीब 60 हजार कर्मचारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। सरकार के कर्मचारी विरोधी फरमान को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों ने वेतन कटौती पर भी रोष जताया। इस दौरान कर्मचारियों ने एआरएम वीके गंगवार को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में परिवहन निगम का निजीकरण न करने और नेशनल हाईवे पर निजी बस संचालकों को परमिट न दिए जाने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में शाखा अध्यक्ष श्रवण कुमार, सुशील कुमार, एमपी श्रीवास्तव, चंदन कुमार, साधूराम, ललित अग्रवाल, प्रीतम भारती, ललित अग्रवाल, दीनानाथ, सुरेंद्र शर्मा आदि रहे।