दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा में गलत तरीके से अनुत्तीर्ण किए गए विद्यार्थियों ने परीक्षाफल में संशोधन न होने के विरोध में प्रधानाचार्य कक्ष में नारेबाजी कर हंगामा किया।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में स्टेनो हिंदी और इंब्राइडरी एंड निडिल वर्क की दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं पिछले वर्ष अगस्त में हुई थी। व्यवसायिक शिक्षा परिषद द्वारा पिछले माह घोषित परीक्षा परिणाम में सभी 35 विद्यार्थियों को अनुपस्थित दिखाया गया। शिकायत के बाद परीक्षाफल में संशोधन तो हुआ, लेकिन सभी विद्यार्थियों को शून्य अंक देते हुए फेल दर्शा दिया गया। इसको लेकर कई बार शिकायतें भी की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इधर, सोमवार तो तमाम विद्यार्थी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठनमंत्री दीपक कुमार के नेतृत्व में प्रधानाचार्य से मिलने पहुंचे। प्रधानाचार्य के न मिलने पर गुस्साए विद्यार्थियों ने नारेबाजी कर हंगामा किया। विद्यार्थी परीक्षाफल में संशोधन न होने तक वहीं जमे रहने की बात पर अड़ गए। मौजूद कुछ शिक्षकों ने विद्यार्थियों को समझाने को प्रयास भी किया। इस पर विद्यार्थी और भी आग बबूला हो गए। राज्य व्यवसायिक परीक्षा परिषद के निदेशक को संबोधित ज्ञापन कार्यालय में सौंपा गया। जिसमें जल्द संशोधित परीक्षाफल जारी करने की मांग की गई। मांग पूरी न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी गई। ज्ञापन सौंपने वालों में मोहम्मद नईम, इरम बेग, निशा, सनोवर, त्रिशांत, अभिषेक, जानिश, सुनीता कुमारी, रश्मि, रूबी मिश्रा, शबीना, रजनी, शाइस्ता, यशी आदि शामिल रहे।
मामले को लेकर राज्य व्यवसायिक परीक्षा परिषद के निदेशक को दो बार पत्र भेजा जा चुका है। दूरभाष पर वार्ता कर समस्या का समाधान कराने का आग्रह भी किया गया, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हो सका है।
- राधाकृष्ण, प्रधानाचार्य, आईटीआई