पुलिस के पोस्टर हटवाने की कोशिश के विरोध में एकत्र हुए सिख समाज के लोग। स्रोत - आयोजक
पूरनपुर (पीलीभीत)। बरेली के साथ ही यहां असम हाईवे स्थित रुरिया के समीप गुरुद्वारे में भी खालिस्तान समर्थक जरनैल सिंह भिंडरवाले के फोटो वाला पोस्टर लगाया गया। इसे हटवाने के लिए रविवार शाम पहुंची पुलिस को विरोध के चलते लौटना पड़ा। पुलिस ने 24 घंटे में पोस्टर हटवाने की चेतावनी दी, लेकिन सोमवार को सिख संगत की हुई बैठक में पोस्टर किसी हालत मे न हटाने का निर्णय किया गया। साथ ही तय हुआ कि अगर पुलिस प्रशासन पोस्टर हटाएगा तो सभी गुरुद्वारों में पोस्टर लगाए जाएंगे।
शहीद दिवस मनाने के लिए भिंडरवाले का फोटो लगाकर तैयार किए गए इस पोस्टर की जानकारी मिलने पर सीओ आलोक सिंह के नेतृत्व में पुलिस वहां पहुंची थी। एतराज कर उसे हटाने के लिए कहा गया। इस पर एकत्र हुए सिख समुदाय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। पुलिस ने पोस्टर हटाने के लिए 24 घंटे का समय दिया, लेकिन पोस्टर दूसरे दिन भी नहीं हटाया गया।
पुलिस की आपत्ति को लेकर सोमवार को गुरुद्वारे में हुई सिख संगत की बैठक में पोस्टर हटवाने की कोशिश पर रोष व्यक्त किया गया। साथ ही आगे की रणनीति बनाते हुए पुलिस, प्रशासन को ही चेतावनी दी गई। सिख संगत का एक प्रतिनिधिमंडल भी सीओ से मिलने उनके कार्यालय पहुंचा, लेकिन वार्ता नहींं हो सकी। सीओ आलोक सिंह ने बताया कि पोस्टर लगाने का मामला पुलिस संज्ञान में है। शीघ्र ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।