बीसलपुर में पुलिस के विरोध में प्रदर्शन करते मीट विक्रेता।
- फोटो : PILIBHIT
बीसलपुर। नगर के मीट विक्रेताओं ने पुलिस के उत्पीड़न से परेशान होकर हड़ताल पर जाने के बाद रविवार को मोहल्ला हबीबुल्ला खां जनूबी में एक बारात घर के सामने प्रदर्शन और नारेबाजी की।
नगर के करीब 30 मीट विक्रेता रविवार सुबह मोहल्ला हबीबुल्ला खां जनूबी के एक बारात घर के सामने एकत्रित हुए। फिर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। मीट विक्रेताओं का कहना था कि पुलिस के कुछ सिपाही कई दिनों से बेवजह उत्पीड़न कर रहे हैं। आए दिन सुविधा शुल्क मांगते हैं। न देने पर थाने ले जाकर परेशान किया जाता है। इसी से आहत होकर दुकानें बंद रखकर प्रदर्शन करने की बात कही। यह भी बताया कि सोमवार को एसपी सेे मुलाकात की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में गुलाम शरीफ, महताब, जीशान, पप्पू, खालिद, हसीद, अकील, मंगल आदि थे। उधर, कोतवाल सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस पर लगाए गए आरोप गलत हैं। अगर कोई शिकायत संज्ञान में आती है तो निष्पक्ष जांचकर कार्रवाई कराएंगे।