बीसलपुर के गांव दुबहा में पंचायत विभाग के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत: ग्रामीण
बीसलपुर। गांव दुबहा के ग्रामीणाें ने गांव की दलदलनुमा सड़कें न बनवाए जाने के लिए पंचायत विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए सोमवार को सरकारी नल के पास प्रदर्शन और नारेबाजी की।
सोमवार को ग्रामीण सरकारी नल के पास एकत्र हुए और पंचायत विभाग के विरोध में प्रदर्शन, नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पंचायत विभाग की अनदेखी के चलते उनके गांव की एक प्रमुख सड़क काफी समय से कच्ची पड़ी है। इस सड़क पर थोड़ी सी बारिश होते ही दलदल हो जाती है। इससे आवागमन प्रभावित होता है और आने-जाने वालों को काफी दिक्कत होती है।
इस बीच पंचायत विभाग के अधिकारियों का इस ओर कई बार ध्यान आकर्षित कराया, लेकिन वे लोग सुनने को तैयार नहीं है, जिससे समस्या बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों में पंचायत विभाग के प्रति काफी रोष दिख रहा था। आधा घंटे बाद ग्रामीणों ने यह निर्णय लेकर प्रदर्शन खत्म कर दिया कि यदि एक पखवाड़े में इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे लोग ब्लॉक कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे।
प्रदर्शन में बालकराम, सीताराम, श्रीपाल, मूगालाल, रामकृष्ण, बल्देव, रामबहादुर, अवधेश कुमार, बेनीराम आदि शामिल रहे।