बीसलपुर। गांव गजरौला स्थित वन विभाग की पौधशाला के पास वन विभाग के कर्मचारियों के मंंगलवार रात मगरमच्छ के शव को जलाने का ग्रामीणों ने विरोध किया और हंगामा किया।
रेंंजर रोहित जोशी ने बताया कि दो दिन पूर्व बीसलपुर-पीलीभीत हाईवे पर कस्बा बरखेड़ा के निकट किसी अज्ञात वाहन से कुचलकर मगरमच्छ की मौत हो गई थी। मगरमच्छ के शव का आईवीआरआई बरेली में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद उनकी टीम ने गांव गजरौला के बाहर स्थित वन विभाग की पौधशाला के पास मगरमच्छ के शव को मंगलवार की देररात जला दिया।
इस बात की ग्रामीणों को भनक लग गई। जरा देर में मौके पर काफी ग्रामीण जमा हो गए और शव जलाए जाने को लेकर आपत्ति जताने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि शव नहीं जलाने देंगे। वन कमियों ने कहा कि जिस जमीन पर शव जलाया जा रहा है वह वन विभाग की है। ग्रामीणों की कड़ी आपत्ति के बाद भी वन कर्मियों ने शव जला दिया।
इस मुद्दे को लेकर ग्रामीणों ने काफी हंगामा किया। इस मुद्दे को लेकर ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति रोष है। रेंजर ने यह भी बताया कि शव जलाने को लेकर ग्रामीणों ने कोई लिखित में आपत्ति नहीं जताई है।