ठप बीएसएनएल मोबाइल सेवा के विरोध में मंडी समिति के व्यापारियों ने मंडी गेट पर प्रदर्शन कर एसडीओ मोबाइल का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने अक्सर ठप होने वाली बीएसएनएल मोबाइल सेवा में शीघ्र सुधार न होने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी।
पिछले कई दिनों से लड़खड़ाई चल रही बीएसएनएल की मोबाइल सेवा बृहस्पतिवार को सुबह करीब नौ बजे ठप हो गई। इससे बीएसएनएल मोबाइल उपभोक्ताओं का आपसी संपर्क कट गया। पूरे दिन ठप सेवा शुरू न होने से उपभोक्ताओं में रोष देखा गया। उधर, ठप हुई मोबाइल सेवा के विरोध में मंडी समिति में व्यापारी नेता विजयपाल विक्की के नेतृत्व में एकत्र हुए व्यापारियों ने प्रदर्शन कर एसडीओ मोबाइल का पुतला फूंका। इस दौरान हुई सभा में व्यापारी नेता विजयपाल विक्की ने कहा कि पिछले कई दिनों से अक्सर बीएसएनएल मोबाइल सेवा ठप हो रही है। इससे विभाग को रोज लाखों रुपये का चूना लगने के साथ उपभोक्ताओं को भारी असुविधा होती है। ठप सेवा को शीघ्र दुरुस्त करने का प्रयास नहीं किया जाता। अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर अक्सर ठप होने वाली बीएसएनएल सेवा में सुधार नहीं हुआ तब उग्र आंदोलन होगा। ठप सेवा से विभाग को होने वाले नुकसान की भरपाई संबंधित अफसर से करने की मांग की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में शकील सिद्दीकी, अनीस अहमद, इशहाक, यूनुस, रईस अहमद, हरीओम गुप्ता, मुकुल गुप्ता आदि व्यापारी थे।