पीलीभीत। अब महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को पहचान मिलेगी। इसके लिए वे स्टेशन पर स्टॉल लगाकर स्वयं द्वारा निर्मित उत्पादों को बेचकर सशक्त बन सकेंगी। शासन से आदेश के बाद अफसरों की ओर से कवायद को तेज कर दिया है। जल्द ही रेलवे स्टेशन पर उन्हें स्टॉल लगाए जाने के लिए स्थान दिया जाएगा।
जिले में 13 हजार स्वयं सहायता समूह का इस समय संचालन हो रहा है। समूह से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों को बढ़ावा दिए जाने के लिए शासन स्तर से कवायद की जा रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर हो सके। इन समूहों में करीब 1.40 लाख महिलाएं जुड़कर काम कर रही हैं। इन महिलाओं को जिले में पहचान बढ़ाने व उत्पादों की बिक्री करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। उत्तर प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी दीप रंजन ने सीडीओ को पत्र जारी किया है। इसमें बताया कि समूह की महिलाओं के लिए रेलवे स्टेशन पर स्टाॅल लगाए जाने के लिए जगह दी जाएगी। इसको लेकर रेल अफसरों से संपर्क किया जाए। ऐसे में विभागीय अफसरों ने प्रयास तेज कर दिए हैं।
उपायुक्त राष्ट्रीय आजीविका मिशन वंदना ने बताया कि शासन से आदेश आ गया है। रेल अफसरों से इसको लेकर पत्राचार किया जाएगा, जिससे समूहों की महिलाओं के उत्पादों की बिक्री और भी बेहतर हो सके। संवाद