12वीं रबी उल अव्वल शरीफ पर निकलने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारी पुलिस प्रशासन और नगर पालिका ने शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों की शांति व्यवस्था ड्यूटी लगा दी गई। पुलिस ने नगर के 45 सुअर पालकों को जबकि नगर पालिका ने 43 सुअर पालकों को नोटिस जारी कर बुधवार और गुरुवार को अपने पशु बाड़े में ही रखने की चेतावनी दी है।
जुलूस-ए-मोहम्मदी 24 दिसंबर को निकाला जाएगा। इसको लेकर नगर के शेरपुर रोड, स्टेशन रोड सहित विभिन्न रोड़ों पर सजावट तेजी से चल रही है। कई स्थानों पर सजावटी तोरण द्वार बनाए गए हैं। स्टेशन रोड पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है, ताकि सजावट को नुकसान न हो।
जुलूस शांति पूर्वक निपटे, इसको लेकर पुलिस कर्मियों की जुलूस ड्यूटी लगा दी गई है। इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि जुलूस आदि को लेकर नगर के 45 सुअर पालकों को नोटिस जारी कर बुधवार और गुरुवार को पशुओं को बाड़े में रखने की चेतावनी दी गई है।
इसके बाद सुअरों के आवारा घूमते मिलने पर संबंधित सुअर पालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करवाई जाएगी। उधर, नगर पालिका प्रशासन ने नगर के 43 सुअर पालकों को नोटिस जारी किया है।
व्यवस्थाएं दुरुस्त न होने पर रोष
पूरनपुर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की हाजी लाडले के प्रतिष्ठान में हुई बैठक में बारहवीं रबी उल अव्वल पर नगर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने और सुअरों के विचरण पर रोक न लगने पर रोष व्यक्त किया गया। बैठक में व्यवस्थाएं दुरुस्त न होने पर जुलूस के दिन जाम लगाकर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। बैठक में हाजी लाडले, दुष्यंत शुक्ला, जितेंद्र गुप्ता, हरगोविंद बाजपेई, राजेंद्र आर्य, अजमेर सिंह छीना आदि थे।