पीलीभीत के बीसलपुर में शिशु विहार इंटर कॉलेज के सामने शुक्रवार को रात सांड़ से टकराकर बाइक सवार बैंककर्मी की मौत हो गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। शनिवार को गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
विज्ञापन
थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव रौतापुर निवासी श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि उनका 28 वर्षीय अविवाहित पुत्र अर्पित गुप्ता एचडीएफसी बैंक बीसलपुर में लिपिक के पद पर तैनात था। वह शुक्रवार को रात बाइक से अपने गांव को जा रहा था।
शिशु विहार इंटर कॉलेज के सामने हुआ हादसा
बीसलपुर के पूर्वी किनारे पर स्थित शिशु विहार इंटर कॉलेज के सामने सड़क पर अचानक आए सांड़ से टकराकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलते ही बैंक स्टाफ के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। घायल को बरेली मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
परिवार में मचा कोहराम
परिजन के कहने पर पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर रात में ही शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। शनिवार को सुबह शव आते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक के पिता श्रवण कुमार गुप्ता, मां मीरा देवी गुप्ता और भाई अमन कुमार गुप्ता का रोते-रोते बुरा हाल था।