बारहवीं शरीफ पर रविवार रात हसमत नगर से आस्ताने हसमतिया सज्जादानशीन मौलाना जरताब रजा खां की अगुवाई में जुलूस ए मोहम्मदी शान ओ शौकत के साथ निकाला गया। जगह-जगह पर मौलाना ने तकरीर पेश की। देर रात जुलूस की शुरूआत की गई। मुरीदों ने आतिशबाजी भी की। यह जुलूस बेलों चौराहा, कमल्ले चौराहा, शाहजी मियां दरगाह शरीफ, छोटी मार्केट, जामा मस्जिद, चौक बाजार, सुनहरी मस्जिद, धुनों चौराहा, कोतवाली तिराहा, फीलखाना, पंजाबियान जाटों चौराहा से होते हुए हसमत नगर पहुंचकर समाप्त हो गया। इस दौरान मौलाना जलताब रजा खां ने हसमत नगर सहित कई अन्य जगहों पर तकरीर की। जुलूस को लेकर पुलिस बल मुस्तैद रहा। इधर, अल्लाहु मियां दरगाह के सज्जादानशी मौलाना हसन मियां कदीरी व उनकी अनुयायी सबसे अलग रहे। इस बार उन्होंने जलसा भी नहीं किया। जुलूस को लेकर काफी सजावट की गई। जुलूस को देखने के लिए भारी भीड़ जुटी रही।
और बढ़ा दी गई सुरक्षा
जुलूस शुरू होने से पहले ही पुलिस को खुफिया तंत्र से जानकारी मिली कि दाइयों वाली गली के रास्ते डॉ. हंसपाल चौराहा पर दूसरा पक्ष जुलूस में शामिल हो सकता है। इसको लेकर पुलिस महकमा अलर्ट हो गया। सीओ बीसलपुर हरीश भदौरिया कोतवाल इंद्र सिंह, इंस्पेक्टर सिकंदर सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए और सुरक्षा बढ़ा दी।
खकरा चौकी पर तैनात पुलिस पर अभद्रता का आरोप
जुलूस को लेकर 14 स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी। इस पर पुलिस बल को तैनात किया गया था। खकरा चौकी पर बैरियर पर मौजूद एक दरोगा पर लोगों को अभद्रता का आरोप लगाया है।