पीलीभीत। गांधी स्टेडियम स्थित तरणताल में आगामी प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला खेल विभाग की ओर से प्रतिभाशाली तैराकों के चयन के लिए शनिवार को ट्रायल आयोजित किया जाएगा।
गांधी स्टेडियम स्थित तरणताल में प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए ट्रायल की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश गौड़ ने बताया कि प्रदेश स्तरीय जूनियर तैराकी प्रतियोगिता के लिए जिले की टीम का गठन ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों से आवेदन मांगे गए हैं। खिलाड़ी ट्रायल में भाग लेकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर सकेंगे। गांधी स्टेडियम के तरणताल में इन दिनों तैराकी गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। वर्तमान में करीब 50 खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास के लिए पहुंच रहे हैं। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए दो प्रशिक्षकों की तैनाती की गई है, जो उन्हें तकनीकी दक्षता, स्टैमिना और प्रतियोगी स्तर की तैयारियों का प्रशिक्षण दे रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि खेल विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक खिलाड़ियों को तैराकी से जोड़ना और उन्हें उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। नियमित अभ्यास के चलते खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है और वे ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। संवाद