पीलीभीत। सीएम योगी आदित्यनाथ के संभावित जनपद दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर से तैयारियां तेज हो गई हैं। शासन स्तर से मिले संकेतों के बाद जिला प्रशासन ने बरखेड़ा में हेलीपैड और पार्किंग बनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मुख्यमंत्री में अप्रैल में प्रस्तावित दौरा निरस्त होने के बाद एक बार फिर उनके पीलीभीत आगमन की चर्चा शुरू हो गई है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री 29 या 30 जून को बरखेड़ा ब्लॉक के ग्राम पतरासा कुंवरपुर में जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित करने के साथ ही जिले की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित विभागों से विकास कार्यों और उपलब्धियों का ब्योरा मांगा गया है। प्रशासन ने प्रस्तावित जनसभा स्थल के साथ हेलीपैड और पार्किंग स्थल के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। सोमवार को डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद और अधिकारियों के साथ पतरासा कुंवरपुर और आदेश महाविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। मंगलवार को जनसभा स्थल, मुख्य मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। बड़ी संख्या में सफाईकर्मियों को लगाकर झाड़-झंखाड़ हटाने और मार्गों को दुरुस्त करने का कार्य कराया गया।
डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पतरासा कुंवरपुर गांव में जगह चिह्नित किया गया। कार्यक्रम को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयारकर लखनऊ भेजी गई है। संवाद