स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में पदकपहने खड़े प्रजित शुक्ला। स्रोत स्वयं
- फोटो : संवाद
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में प्रजित शुक्ला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो मेडल अपने नाम किए। यह प्रतियोगिता 30 अगस्त से 7 सितंबर तक राजस्थान के जयपुर स्थित आरआरएससी ओएसिस शूटिंग रेंज में आयोजित हुई। इस उपलब्धि के साथ ही प्रजित ने प्री-नेशनल के लिए क्वालिफाई कर जिले और परिवार का नाम रोशन किया।
प्रजित शुक्ला ने सीनियर मैन 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर और जूनियर मैन 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। सीनियर टीम में उनके साथ उत्कर्ष गौरव और दिग्विजय चौहान शामिल रहे। वहीं जूनियर टीम में उत्कर्ष गौरव और नमन जायसवाल ने उनका साथ दिया।
मेडल जीतने पर उनके पिता एडवोकेट पीयूष शुक्ला, माता संगीता शुक्ला (पूर्व सदस्य, जिला उपभोक्ता फोरम) और कोच अमित यादव ने गर्व जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि ओलंपिक पदक विजेता और राजस्थान सरकार में मंत्री (कर्नल) राज्यवर्धन सिंह राठौर रहे। जिन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। वहीं, उत्तर प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन के ज्वाइंट सेक्रेटरी रोहित जैन और राजस्थान स्टेट राइफल एसोसिएशन के सेक्रेटरी ने प्रजित शुक्ला को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।