पूरनपुर। शिकायत के बाद प्रभारी चिकित्साधिकारी ने गांव अमरैयाकलां में प्रधान के मेडिकल स्टोर और घर पर छापा मारा। जिसके बाद मेडिकल स्टोर और घर का एक कक्ष सील कर दिया गया। अभिलेख तलब किए गए हैं।
गांव अमरैयाकलां निवासी द्वारिका प्रसाद ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर प्रधान सत्यपाल शर्मा पर अवैध रूप से क्लीनिक और मेडिकल स्टोर चलाने का आरोप लगाया था। सीएमओ ने प्रभारी चिकत्साधिकारी को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मोहम्मद आलमगीर ने बताया कि गांव अमरैयाकलां में प्रधान सत्यपाल के घर के बाहर मेडिकल स्टोर और घर पर छापा मारा। जांच में मेडिकल स्टोर के मौके पर कोई अभिलेख नहीं दिखाए गए। घर के एक कक्ष में मरीज भर्ती होने की बात सामने आई। ऐसे में मेडिकल स्टोर और घर के एक कक्ष को सील कर दिया गया।
डॉ. आलमगीर के अनुसार प्रधान सत्यपाल शर्मा ने बताया कि मेडिकल स्टोर का पंजीकरण है। अभिलेख शीघ्र ही दिखाए जाएंगे। उन्होंने मरीजों का इलाज करने की बात से इन्कार किया। मंगलवार को मेडिकल स्टोर बंद था, ऐसे में उसे खुलवाकर सील किया गया। टीम की ओर से बनाए गए वीडियो में घर में भर्ती मरीजों को देखा जा सकता है।