जहानाबाद इंटर कालेज रोड पर कूड़ा उठाते सफाई कर्मी । संवाद
पूरनपुर। बाइक से घर लौट रहे गांव सिरसा की प्रधान के पति को रास्ते में रोककर उन पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी होने पर प्रधान के समर्थकों ने कोतवाली गेट पर एकत्र होकर करीब एक घंटे तक हंगामा किया। पुलिस ने गांव निवासी नावेद, आरिफ, राहत, मुजीब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना सोमवार शाम करीब पौने आठ बजे की है। प्रधान के पति ने विजयपाल ने बताया कि ग्राम पंचायत का काम निपटाकर वह बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में गांव पिपरिया दुलई के धार्मिक स्थल के पास पहले से घात लगाए बैठे गांव निवासी नावेद, आरिफ, राहत, मुजीब ने उन्हें रोक लिया और जान से मारने की नीयत से तलवार से हमला किया। आरोपियों के पास बंदूक भी थी। शोर-शराबा पर राहगीरों ने ललकारा तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
विजयपाल पर हमले की खबर गांव पहुंची तो उनके समर्थक कोतवाली पहुंच गए और हंगामा करने लगे। कोतवाली गेट पर समर्थकों ने करीब एक घंटे तक हंगामा किया। कोतवाल जगतपाल सिंह ने बताया कि विजयपाल की ओर से गांव निवासी नावेद, आरिफ, राहत, मुजीब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।