पीलीभीत जिले में प्रधान ने दिव्यांग लाभार्थी का प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराने के एवज में सचिव को चार हजार रुपये दिए। आरोप है कि सचिव ने उसका पंजीकरण नहीं कराया। प्रधान ने जब रुपये वापस मांगे तो दोनों में विवाद हो गया।
पीलीभीत के बीसलपुर ब्लॉक परिसर में स्थित एक सहायक विकास अधिकारी के कार्यालय में मंगलवार को रुपये वापस करने को लेकर प्रधान और सचिव में काफी विवाद हुआ। इस घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बना लिया, जो वायरल हो गया। अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
विज्ञापन
वायरल वीडियो में प्रधान कह रहे हैं कि उन्होंने अपने गांव के एक दिव्यांग लाभार्थी का प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराने के एवज में सचिव को काफी समय पहले चार हजार रुपये दिए थे। सचिव ने उसका पंजीकरण नहीं कराया। रुपये भी वापस नहीं दे रहे हैं। विवाद के दौरान मौके पर भीड़ एकत्र हो गई।
प्रधान ने सचिव पर लगाए आरोप
स्थिति खराब होते देख सचिव ने चार हजार रुपये प्रधान को वापस कर दिए। प्रधान यह भी कह रहे कि सचिव उनके गांव में केवल झगड़ा कराने जाते हैं। वीडियो में प्रधान और सचिव में काफी नोंकझोक होती दिख रही है। प्रधान ने सचिव से अपना डोंगल भी मांगा। सचिव ने डोंगल उनके घर पहुंच जाने की बात कही।
विज्ञापन
सचिव ने कहा कि प्रधान उनका कुछ भी नहीं कर पाएंगे। इस बाबत पंचायत विभाग के सहायक विकास अधिकारी ने नूरुद्दीन ने बताया कि विवाद की जानकारी हुई है। वह इस संबंध में सचिव से पूछताछ करेंगे। जब विवाद हुआ था, उस समय वह ब्लॉक सभागार में चल रही बैठक में थे।