पीलीभीत। जिले में 24 घंटे के अंतराल में हुए अलग-अलग हादसों में गांव गुलड़िया भूप सिंह के प्रधान और एक महिला की मौत हो गई।
एक हादसा थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के असम चौराहे के समीप मंगलवार रात हुआ। ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार दंपती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर सुनगढ़ी इंस्पेक्टर नरेश त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने वहां महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान शाहजहांपुर जनपद के थाना मदनापुर क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर निवासी नूरबी 26 पत्नी तसलीम के रूप में हुई है। पति तसलीम गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस के अनुसार नूरबी अपने मायके बीसलपुर क्षेत्र के ग्राम मलूकपुर आई हुईं थीं और किसी कार्य से पति के साथ पीलीभीत जा रही थीं, तभी रास्ते में हादसा हो गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।