पीलीभीत। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के स्नातक और परास्नातक कक्षाओं के सम सेमेस्टर (दो, चार, छह) के विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षा की सूचना जारी हो गई है। प्रयोगात्मक परीक्षाएं 15 मई से 15 जून के बीच कराई जाएंगी। परीक्षाओं को लेकर जिले के महाविद्यालयों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर के उपाधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दुष्यंत कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक और परास्नातक कक्षाओं की सम सेमेस्टर के विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाओं की समयसारिणी जारी हो गई है। परीक्षाएं 15 मई से शुरू होंगी। इसमें स्नातक में बीएससी और बीए में भूगोल, गृहविज्ञान आदि विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षा शामिल है। यह परीक्षाएं स्नातक कक्षाओं में दो, चार और छह सेमेस्टर के विद्यार्थियों की होंगी। परास्नातक में दूसरे और चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। विद्यार्थियों को भी इस संबंध में जानकारी दी जा रही है। बताया कि इस समय महाविद्यालय में स्नातक और परास्नातक कक्षाओं की सेमेस्टर परीक्षा भी चल रही है।
समर्थ पोर्टल से होगा प्रवेश, अभी कोई प्रक्रिया नहीं
इंटर उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी स्नातक कक्षाओं में प्रवेश की जानकारी करने के लिए रोजाना उपाधि महाविद्यालय पहुंच रहे हैं। मगर महाविद्यालय में अभी प्रवेश संबंधी कोई प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। प्राचार्य ने बताया कि इस बार प्रवेश समर्थ पोर्टल के माध्यम से किए जाएंगे। प्रवेश संबंधी अभी कोई सूचना विश्वविद्यालय से प्राप्त नहीं हुई है।