पीलीभीत। रूपपुर स्थित 132 केवी की लाइन में तकनीकी समस्या आने से रविवार को आधे शहर की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा शहर के कई अन्य इलाकों में भी बिजली फॉल्ट और कटौती की समस्या बनी रही।
लाइन में तकनीकी खराबी के बाद संबंधित कर्मचारियों ने आपूर्ति बहाल करने के लिए काम शुरू किया। इस दौरान कई इलाकों में बिजली आने-जाने का सिलसिला चलता रहा। उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती से घरों और दुकानों में लोगों को दिक्कत हुई। वहीं, जिन क्षेत्रों में फॉल्ट की समस्या रही, वहां भी उपभोक्ताओं को काफी देर तक आपूर्ति बहाल होने का इंतजार करना पड़ा।
बिजली निगम की ओर से तकनीकी समस्या को दूर करने के बाद आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया गया। हालांकि, अलग-अलग इलाकों में फॉल्ट और कटौती के कारण दिनभर बिजली आपूर्ति पूरी तरह सुचारु नहीं हो सकी। इससे शहर के मोहल्ला अशोक कॉलोनी, नई बस्ती, रामबिहार, गोदावरी स्टेट, तुलाराम, साहूकारा, आवास विकास, दूधिया मंदिर रोड, मधुवन आदि इलाकों में बिजली फॉल्ट और कटौती की समस्या से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
एक्सईएन आशीष यादव ने बताया कि कुछ इलाकों में दिक्कतें आई थीं। सूचना के बाद टीम को भेजकर समस्या का समाधान करा दिया गया। संवाद