साल भर से ठप पड़े बिजली ट्रांसफार्मर को न बदलने से नाराज ग्रामीणों ने ईई के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। लोगों ने समस्या का समाधान न होने पर जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
मरौरी ब्लाक के गांव न्यूरियाखुर्द उर्फ सिवपुरिया में बिजली सप्लाई को तीन ट्रांसफार्मर लगे हैं। इसमें एक ट्रांसफार्मर करीब साल भर पूर्व अचानक ठप हो गया। बताते हैं कि ट्रांसफार्मर का तेल निकलने के कारण उसने काम करना बंद कर दिया। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की मगर वह आज तक नहीं बदला गया।
इधर सोमवार को ट्रांसफॉर्मर न बदलने से क्षुब्ध ग्रामीण गांव में ही मुख्य मार्ग पर एकत्र हुए और ईई के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि साल भर से ग्रामीण लगातार शिकयत करते आ रहे हैं लेकिन विभाग शिकायत सुनने तक की जहमत नहीं उठा रहा है। समस्या का जल्द समाधान न होने पर जिला मुख्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन करने वालों में राजाराम, विकासबाबू, राजू सोनकर, बाबूराम, राम सिंह, शिव कुमार, मोहित कुमार, रामप्रवेश सोनकर, कांता प्रसाद, मेवाराम, कंधईलाल, तुलाराम आदि शामिल रहे।
गलत स्थान पर लगा दिए बिजली खंभे
समग्र गांव पंडरी में करीब पांच माह पूर्व खंभे लगा दिए गए। लेकिन अभी तक बिजली तार नहीं डाले गए। ग्रामीणों का आरोप है कि जहां खंभों की जरूरत है। वहां तो नहीं लगाए गए, एक तालाब के किनारे पोल लगा दिए गए। ग्रामीण रामस्वरूप, ख्यालीराम, हरदयाल, चंद्रसेन वर्मा, विनोद कुमार, मुनेंद्र कुमार, राजकुमार आदि ने उचित स्थान पर खंभों को लगवाकर बिजली सप्लाई चालू कराने की मांग की है।
बिजली विभाग के विरोध में किया प्रदर्शन
चुर्रासकतपुर। हफ्ते भर से फुंके पड़े ट्रांसफार्मर को न बदले जाने से नाराज गांव परेवा के उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के विरोध में प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
गांव परेवा के तमाम उपभोक्ता ट्रांसफार्मर के पास जमा हुए और बिजली विभाग के विरोध में प्रदर्शन, नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शिकायत के बाद भी अधिकारियों ने हफ्ते बाद भी फुंका ट्रांसफार्मर नहीं बदला। इससे गांव की बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। प्रदर्शन करने वालों में सुनील कुमार, रामगोपाल, सौरभ, सुरेश, विकास, नरेंद्र, बांकेलाल, आकाश शर्मा, रोहित कुमार, विवेक कुमार, ज्ञानदीप, नन्हे लाल और सुभाष चंद्र आदि थे।
उपभोक्ताओं ने किया प्रदर्शन
बिलसंडा। नगर एवं करेली बिजली उपकेंद्र से जुड़े तीन दर्जन से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। उपभोक्ताओं को चार घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही। इससे गुस्साए उपभोक्ताओं ने करेली बिजलीघर पर हंगामा किया और अवर अभियंता के खिलाफ नारेबाजी की।
बिजली व्यवस्था ठीक न होने से नगरवासी परेशान हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में सर्वाधिक परेशानी किसानों को उठानी पड़ रही है। सोमवार को भड़के किसानों ने बिजलीघर पहुंचकर हंगामा किया। किसानों का कहना है कि करेली उपकेंद्र से जुड़े तीन दर्जन से अधिक गांवों की आपूर्ति पूरी तरह लड़खड़ा चुकी है। इसकी वजह फसल में पानी लगाने के लिए डीजल खर्च करना पड़ रहा है। चार घंटे भी लगातार बिजली नहीं मिल रही है। नगर स्थित उपकेंद्र की है। रविवार को पूरी रात बिजली गुल रही। जिससे उपभोक्ताओं को खासी परेशानी उठानी पड़ी। प्रदर्शन करने वालों में जोगा सिंह, पुरूषोत्तम शर्मा, रामकुमार, बलविंदर सिंह, सुखविंदर सिंह, दर्शन सिंह, तरनजीत सिंह कई किसान शामिल थे।