पीलीभीत। शहर के कई मोहल्लों में मंगलवार को पूरे दिन बिजली की आंख-मिचौली का खेल चलता रहा। आपूर्ति बहाल होने के बाद भी ट्रिपिंग होती रही। बिजली कटौती से लोगों के कामकाज पर असर पड़ा।
सुबह से ही बिजली कटौती का सिलसिला शुरू हो गया था। जो देर शाम तक चलता रहा। अशोक कॉलोनी, निरंजनकुंज, गोदवरी स्टेट, संजय रॉयल पार्क, आफीसर्स कॉलोनी, पुलिस लाइन आदि कई मोहल्लों की बिजली कई घंटे तक गुल रही। बताया गया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा की दृष्टि से कटौती की गई है।
जबकि प्रधानमंत्री की चुनावी सभा के समापन के बाद भी कटौती जारी रही। इसके अलावा शहर की मुख्य बाजार, पुरानी तहसील, खकरा फीडर, अशरफ खां, साहूकारा, पंजाबियान, छोटा खुदागंज समेत कई मोहल्लों में भी बिजली की आंख-मिचौनी से उपभोक्ता परेशान हुए। एसडीओ आशीष कौशल ने बताया कि सुरक्षा की वजह से शट डाउन लिया गया था। बाकी क्षेत्रों में कुछ फाॅल्ट आए थे। जिन्हें तत्काल सही करा दिया गया था।