पीलीभीत। दो दिन की बारिश में बिजली सप्लाई गड़बड़ाने का असर नगरपालिका की रोजाना होने वाली पेयजल सप्लाई पर पड़ा। बिजली गुल होने से शहर के कई इलाकों में पानी की सप्लाई ठप हो गई। पानी न मिलने पर कुछ मोहल्लों में तो अफरा तफरी मच गई। नगरपालिका के ओवरहेड टैंकों पर जनरेटर होने के बाद भी वह चलाए नहीं गए। शहरवासियों को पीने के पानी की किल्लत झेलना पड़ी।
पानी सप्लाई के लिए नगरपालिका के पास में 11 ओवरहेड टैंक और 12 पंप है। इन्हें चलाने के लिए बिजली के साथ जेनरेटर की सुविधा भी उपलब्ध है। मगर, यहां नगरपालिका की पेयजल सप्लाई सिर्फ बिजली आने पर ही टिकी है। दो दिन की बारिश में छतरी चौराहा, नकटादाना, स्टोर सेंटर फीडरों के केबल बॉक्स फुंकने से इन इलाकों की बिजली गुल हो गई। इससे निरजंन कुंज, संजय रॉयल पार्क, सुभाषनगर कॉलोनी, एफसीआई गोदम के आसपास के कई क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था ठप हो गई। शहरवासियों ने पानी न आने पर नगरपालिका अधिकारियों से वार्ता की, तो उन्होंने बिजली न होने की बात बताई। जेनरेटर न चलने की बात पर अफसर जवाब नहीं दे सके।