ग्राम बरगदा के निकट बीसलपुर रजबहा पर उखड़ी पड़ी सड़क।संवाद
बरखेड़ा। कस्बे से खाकसराय असम हाईवे काे जोड़ने वाला संपर्क मार्ग अब तक गड्ढा मुक्त नहीं हो सका है। सड़क के गड्ढे राहगीरों को दर्द दे रहे हैं। जगह-जगह बजरी उखड़ी पड़ी है। गुलड़ा पुल के पास चार फुट से अधिक चौड़ा गड्ढा हो गया है। बावजूद इसके जिम्मेदार बेपरवाह हैं। इस मार्ग से करीब 20 गांवों की 80 हजार की आबादी आवागमन करती है।
करीब चार वर्ष पूर्व बरखेड़ा से खाकसराय असम हाईवे तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से सड़क का निर्माण कराया गया था। बीसलपुर रजबहा के किनारे नहर पटरी मार्ग पर यह सड़क खस्ताहाल है। सड़क ग्राम डढ़िया रांझे से बरगदा, कुरिय्या, फुटाकूयां से पचपेड़ा होते हुए केशोपुर से खाकसराय हाईवे में जाकर मिलती है।
गड्ढामुक्त करने के नाम पर विभाग ने बरखेड़ा से डढ़िया रांझे तक तीन-चार जगह गड्ढे भरकर खानापूर्ति कर ली। अभी सड़क कई जगह उखड़ी पड़ी है। जगह-जगह बने गड्ढे लोगों को दर्द दे रहे हैं। रास्ते में गुलड़ा पुल के पास चार फुट से अधिक चौड़ा गड्ढा हो गया है। जिम्मेदार बेपरवाह हैं।
इन गांवों के ग्रामीणों की रहती है आवाजाही
करीब 18 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर वस्थना, जार कलिय्या, पृथ्वीपुर, नरायनठेर, खजुरिया पचपेड़ा, फुटाकूयां कुरिय्या, बरगदा, डढ़िया रांझे आदि 20 से अधिक गांव पड़ते हैं। इन गांवों के ग्रामीणों का पीलीभीत और बरखेड़ा आने-जाने का यही मुख्य मार्ग है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से करीब 80 हजार की आबादी दिक्कतें झेल रही है।
ग्राम बरगदा के निकट बीसलपुर रजबहा पर उखड़ी पड़ी सड़क।संवाद