बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतका के शव की पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की बात सामने आई। इससे किशोरी की ओर से आत्महत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। अब इस मामले में दर्ज हत्या की रिपोर्ट को आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में तरमीम किया जाएगा।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी की चार फरवरी को घर में मौत हो गई थी। किशोरी के पिता ने गांव के ही दो सगे भाइयों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि किशोरी की पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आ गई है। इसमें आत्महत्या करने की पुष्टि हुई है। कोतवाल ने बताया कि विभागीय उच्च अधिकारियों से अनुमति लेने के बाद हत्या की रिपोर्ट को आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में तरमीम किया जाएगा। वहीं, आरोपियों का शुक्रवार को चालान किया जाएगा। कोतवाल ने यह भी बताया कि पूरे मामले की जांच कर ली गई है।
जांच में पाया गया कि ग्रामीण को जब पता चला कि उसकी पुत्री के गांव के एक युवक से संबंध हैं, तभी शर्म की वजह से किशोरी ने आत्महत्या कर ली। घर के सभी सदस्यों के बयान विरोधाभासी रहे। आरोपियों और मृतका के पिता में मारपीट भी हुई थी। पुलिस शुरू से ही इस मामले को आत्महत्या मान रही थी, लेकिन मृतका के पिता की ओर से नामजद तहरीर दिए जाने से मजबूरी में हत्या की रिपोर्ट दर्ज करनी पड़ी।