पीलीभीत। ग्राम पंचायत से निकलने वाला कचरा अब हाईवे के किनारे नहीं डाला जाएगा। ऐसा करने पर संबंधित प्रधान व सचिव के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएम की ओर से पत्र जारी होने के बाद पंचायत विभाग अफसर निरीक्षण कर इसकी निगरानी करेंगे।
ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराए जाने के लिए अफसरों की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बाद भी व्यवस्थाएं सुधर नहीं रही हैं। निरीक्षण के दौरान भी ग्राम पंचायतों में लापरवाही सामने आ रही है। अब हाईवे के किनारे डाले जाने वाले कचरे को लेकर डीएम ज्ञानेंद्र सिंह की ओर से जिले में सख्ती बरती गई है। जिले में कुल 720 ग्राम पंचायतें है। इनमें करीब दो सौ से अधिक ऐसी ग्राम पंचायत हैं जो अलग-अलग हाईवे के किनारे पर बसी हैं। सफाई कर्मचारी साफ-सफाई के बाद कचरे को हाईवे किनारे फेंक रहे हैं। इससे हाईवे से गुजरने वाले लोग भी प्रभावित हो रहे है।
अब हाईवे किनारे कचरा डाले जाने पर संबंधित प्रधान व सचिव के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अफसरों ने इसको लेकर कवायद शुरू कर दी है। जिले की उन पंचायतों को चिह्नित किया जा रहा है जो हाईवे के किनारे हैं। डीपीआरओ रोहित भारती ने बताया कि डीएम स्तर से पत्र जारी हुआ है। इसको लेकर कार्य शुरू कर दिया है।