पीलीभीत। विस्तार के बाद गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस की नई समयसारिणी भी जारी कर दी है। पीलीभीत में दोपहर 1.25 बजे पहुंचने वाली गोरखपुर एक्सप्रेस अब करीब दो घंटे पहले पीलीभीत स्टेशन पहुंचेगी। पांच मिनट ठहराव के बाद इज्जतनगर के लिए रवाना हो जाएगी। नए समयसारिणी के अनुसार गोरखपुर एक्सप्रेस का संचालन कब से होगा, इस संबंध में अभी अधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हालांकि ट्रेन के सोमवार से संचालन का एक सर्कुलर वायरल हो रहा है। हालांकि रेलवे के अधिकारी इसपर अनभिज्ञता जता रहे हैं।
गोरखपुर एक्सप्रेस के विस्तार को लेकर लंबे समय से जिले और आसपास के लोग मांग कर रहे थे। लगातार पत्राचार भी किए थे। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने इस दिशा में कदम आगे बढ़ाया। उन्होंने 11 मार्च को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर ट्रेन विस्तार की मांग की थी। रेल मंत्री की ओर से अनुमति दिए जाने के बाद रेलवे बोर्ड ने तत्काल संचालन के आदेश जारी कर समय सारिणी घोषित कर दी। तीन दिन पूर्व ट्रेन के इज्जतनगर तक विस्तार को हरी झंडी मिल गई। रेलवे की ओर से जारी समय सारिणी भी जारी कर दी है। इसके तहत गोरखपुर एक्सप्रेस गोरखपुर से 22:15 बजे चलकर, लखीमपुर 08:50 बजे, गोला 09:17 बजे, मैलानी 10:00 बजे के बाद पीलीभीत 11:45 पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन इज्जतनगर 12:45 बजे पहुंचेगी।
इज्जतनगर से गोरखपुर के लिए यही ट्रेन इज्जतनगर से 15:10 बजे, पीलीभीत 16:10 बजे, मैलानी 18:05 बजे, गोला 18:30 बजे, लखीमपुर 19:07 बजे के बाद अगली सुबह गोरखपुर 07:00 पहुंचेगी। ट्रेन विस्तार से जिले के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों में भी तेजी आने की उम्मीद है।