पीलीभीत। शहर में शनिवार को जुलूस-ए-गौसिया पूरे शान-ओ-शौकत के साथ निकाला गया। हजरत शेख अब्दुल कादिर जिलानी गौस-ए-आजम की याद में आयोजित इस जुलूस में हजारों अकीदतमंदों ने शामिल होकर मिल्लत और भाईचारे का संदेश दिया। पूर्व में हुए विवादों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। जुलूस के दौरान जगह-जगह लंगर का आयोजन हुआ और गौस पाक के नारे गूंजते रहे।
जुलूस का आगाज सदर कोतवाली क्षेत्र के हशमत नगर से आस्तान-ए-हशमतिया के सज्जादानशीन मौलाना जरताब रजा खां की सरपरस्ती में हुआ। इसमें मौलाना बुरहान रजा खां, हाफिज इसरार समेत बड़ी संख्या में अकीदतमंद शरीक हुए। जुलूस में शामिल लोग या गौस और सरकार की आमद मरहबा की सदाएं बोलते हुए आगे बढ़ते रहे।
जुलूस का मार्ग हशमत नगर से शुरू होकर बेलों वाला चौराहा, कमल्ले चौराहा, जुगनू पाकड़, मोहल्ला दुर्गा प्रसाद, छोटी मार्केट, शरीफ खां चौराहा, बुजकसावान, मदीना शाह, लाल रोड, सुनहरी मस्जिद चौराहा, बरेली गेट, जाटों का चौराहा, मोहल्ला सरफराज खां, पकड़िया, पंजाबियान चौराहा, फीलखाना, आयुर्वेदिक कॉलेज चौराहा और मोहल्ला खकरा होते हुए पुनः हशमत नगर पहुंचकर संपन्न हुआ।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे मार्ग को जोन और सेक्टर में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। एएसपी विक्रम दहिया, सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने स्वयं सुरक्षा की कमान संभाली। दस थानों की पुलिस, पीएसी और गैर जनपदों का फोर्स भी लगाया गया था। इस दौरान डीएम ज्ञानेंद्र सिंह और एसपी अभिषेक यादव ने शहर में भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद प्रशासन व पुलिस ने राहत की सांस ली।
पूरनपुर। ब्लॉक रोड स्थित साबरी अहाता से जुलूस-ए-गौसिया निकाला गया। जुलूस में लोग धार्मिक झंडे लहराते और नारे लगाते चल रहे थे। हाफिज नूर अहमद रजा अजहरी, मौलाना फजले अहमद नूरी, हाफिज असलम नूरी, मौलाना दानिश मिसवाही, हाफिज शाकिब, हाफिज शरीफ अहमद, हाफिज नाजिम रजा, हाफिज उस्मान आदि ने तकरीर की। इसमें बच्चों को दीनी तालिम और दुनियाबी तालीम देने की अपील की गई। जुलूस ब्लॉक रोड, ब्लॉक चौराहा, स्टेशन रोड, स्टेशन चौराहा, शेरपुर रोड होते हुए शेरपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप समाप्त हो गया।
जुलूस में नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन मुन्ने मियां अंजाना, ताफीक कादरी, नादिर रजा बरकाती, हाजी लाडले आदि शामिल रहे। शेरपुर कलां में जामा मस्जिद के इमाम मौलाना जियाउल मुस्तफा कादरी की अगुवाई में जुलूस निकाला गया। जुलूस में मौलाना साजिद रजा खां, हाफिज अरशद खां, हाफिज अनीस खां आदि गौस-ए-आजम के जीवन परिचय पर प्रकाश डाला। जुलूस जामा मस्जिद से शुरू होकर मोहल्ला नवदिया के रास्ते वापस मस्जिद मैदान में पहुंचा। जहां सलातो सलाम के बाद देश में अमन और तरक्की की दुआ मांगी गई। जुलूस में हाजी बबलू खां, हाजी रईस खां, असलम कुरैशी, नईम खां, नदीम हसन, तौकीर खां बिट्टू, डॉ. इकबाल आदि शामिल रहे।
अमरिया। कस्बे में ग्यारहवीं शरीफ के अवसर पर हज़रत गौस-ए-आज़म शेख अब्दुल क़ादिर जीलानी की याद में जुलूस-ए-गौसिया निकाला गया। जुलूस मदरसा तालीमुल कुरआन परिसर से शुरू होकर निर्धारित मार्गों से होते हुए पुनः मदरसे पर पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान मौलाना तारिक रज़ा मिस्बाही ने हज़रत गौस-ए-आज़म की शान में नात-ए-शरीफ पेश की। रास्ते में स्थित मस्जिदों पर तबर्रुक़ बांटा गया। समापन पर देश में अमन और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई। जुलूस में हाफिज मोहम्मद शाहनवाज़, कारी मोहम्मद कासिम, हाफिज मोहम्मद रेहान, हाजी जुबेर अहमद, हाजी मोहम्मद शीबू मलिक, मोहम्मद मुनाजिर आदि शामिल रहे।
बीसलपुर। जुलूस-ए-गौसिया ईदगाह चौराहा स्थित हज़रत सैयद साहब की दरगाह से शानो-शौकत के साथ निकाला गया। जुलूस क़ादरी रज़ाकार सोसाइटी के नेतृत्व निकला। जुलूस अपने परंपरागत रास्तों से गुज़रते हुए दरगाह ग़ाज़ी कमाल शाह की बारगाह तक पहुंचा। जहां सलातो-सलाम पेश किया गया।
इसके बाद सिंघइया मार्ग से होता हुआ हज़रत सैयद साहब की दरगाह पर लौटा। जुलूस का नेतृत्व कारी मुश्ताक ने किया। पूरे रास्ते हाफ़िज़ शकील अहमद की नात-ए-पाक और मनक़बत ने माहौल को रूहानी नूर से सराबोर किया। आयोजन समिति के नईम रजा ने जुलूस में शामिल होने वाले लोगों का शुक्रिया अदा किया। जुलूस में हाफ़िज़ राशिद, हाफ़िज़ सैफ़, तौसीफ़ अहमद, शोएब अहमद, इमरान बाबू, मोहम्मद वसीम, शानू साबरी आलम सहित तमाम लोग शामिल रहे।
शहर में जुलूस ए गौसिया में शामिल अकीदतमंदों की भीड़। संवाद
शहर में जुलूस ए गौसिया में शामिल अकीदतमंदों की भीड़। संवाद
शहर में जुलूस ए गौसिया में शामिल अकीदतमंदों की भीड़। संवाद
शहर में जुलूस ए गौसिया में शामिल अकीदतमंदों की भीड़। संवाद
शहर में जुलूस ए गौसिया में शामिल अकीदतमंदों की भीड़। संवाद