पीलीभीत। दो ब्लॉकों पर निर्विरोध जीत तय होने के बाद पांच ब्लॉकों पर शनिवार को चुनाव संपन्न कराया गया। बीते दिनों प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के बीच मारपीट की घटनाएं सामने आने पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए। ब्लॉक गेट से लेकर आसपास के इलाकों तक बैरिकेडिंग कराकर पुलिस बल की तैनाती रही। बरखेड़ा और अमरिया में तो पीएसी भी रही। डीएम-एसपी समेत तमाम अधिकारी काफिले के साथ दौड़ते रहे।
ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर बीते दिनों अमरिया में निर्दलीय प्रत्याशी पर हमला हुआ था, जबकि बरखेड़ा में भाजपा-सपा प्रत्याशी के समर्थकों के बीच मारपीट हुई थी। इन घटनाओं को देखते हुए शनिवार को मतदान के दिन पांचों ब्लॉकों पर सख्त इंतजाम किए गए थे। ब्लॉक गेट से 500 मीटर दूर तक कई जगह बैरिकेडिंग कर फोर्स की तैनाती की गई थी। भीड़ को जमा नहीं होने दिया गया। ब्लॉक से 100 मीटर दूर ही मतदाताओं के वाहनों को खड़ा कराया गया। सुबह 11 बजे मतदान शुरू हुआ, जोकि तीन बजे तक चला। फिर मतगणना कर परिणाम घोषित किए गए। इस दौरान डीएम पुलकित खरे, एसपी किरीट कुमार समेत कई अधिकारी अमरिया, बरखेड़ा, मरौरी, पूरनपुर और बीसलपुर की तरफ दौड़ लगाते रहे। हालात की जानकारी भी जुटाई जाती रही। मतदाताओं को गेट पर ही चेकिंग के बाद प्रवेश दिया गया।