पुलिस लाइन में परिवार से बात करते एसपी जयप्रकाश
- फोटो : PILIBHIT
जहानाबाद/पीलीभीत। थाना जहानाबाद में तैनात दरोगा की हार्टअटैक से मृत्यु हो गई। पुलिस ने परिजन के आने पर शव का पोस्टमार्टम कराया। एसपी ने जिला अस्पताल पहुंचकर परिवार वालों से बातचीत की और ढांढस बंधाया। पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर दरोगा के पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई दी गई। इसके बाद परिजन शव लेकर काशीपुर चले गए।
उत्तराखंड के जिला ऊधम सिंह नगर के थाना काशीपुर क्षेत्र के मोहल्ला गौतम नगर निवासी दरोगा सोमपाल शर्मा (60) की तैनाती जहानाबाद थाने में थी। उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए भी आवेदन किया था। दो माह बाद वह सेवानिवृत्त होने वाले थे। सोमवार देर शाम अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद रात में खाना खाकर थाना परिसर में ही अपने कमरे में सोने चले गए। मंगलवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आए तो सिपाही उन्हें बुलाने के लिए पहुंचे। जहां वह कमरे में बेसुध पड़े मिले। इंस्पेक्टर हरीशवर्धन सिंह आननफानन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिवार वाले भी आ गए। एसपी जयप्रकाश और सीओ सदर उत्तम सिंह ने परिवार को ढांढस बंधाया। पोस्टमार्टम के बाद शाम को शहीद स्मारक पर उन्हें अंतिम विदाई दी गई। दरोगा सोमपाल शर्मा जहानाबाद के अलावा अमरिया, सुनगढ़ी, बीसलपुर में भी तैनात रहे थे। दो माह के भीतर सरकारी महकमे में यह तीसरी मौत है, इससे पहले डीपीआरओ राजकुुमार और जेल अधीक्षक अनूप मानव शास्त्री का हार्टअटैक से निधन हो चुका है।
मृतक सोमपाल शर्मा का फाइल फोटो- फोटो : PILIBHIT