पीलीभीत। गांव चिड़ियादहा में बुधवार रात ऑनलाइन सट्टा और जुआ कराने वाले युवक ने पुलिस टीम पर तमंचा तान दिया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ा तो उसने साथियों को बुला लिया। लाठी-डंडे लेकर पहुंचे युवकों ने पुलिस टीम से हाथापाई कर आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की। जिसमें दरोगा और सिपाही की वर्दी का वर्दी फट गई। बाद में पुलिस आरोपी को थाने लाई। मामले में 11 लोगों के खिलाफ सुनगढ़ी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मुख्य आरोपी को जेल भेज दिया है।
एसआई सौरभ कुमार ने सुनगढ़ी थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 26 जून की रात में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में निकले थे। उनके साथ आरक्षी सुदेश, संजीव व सचिन भी थे। चिड़ियादाह गांव के निकट पहुंचे तो वहां एसओजी टीम भी आ गई।
इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चिड़ियादाह गांव में जीशान नाम का युवक खुलेआम तमंचा लेकर घूमते हुए लोगों को डरा-धमका रहा है। जीशान शातिर किस्म का अपराधी होने के साथ सट्टा और मादक पदार्थों की तस्करी भी करता है। सूचना के बाद सुनगढ़ी पुलिस एसओजी टीम के सहयोग से गांव पहुंची तो जीशान टहलता मिला।
पुलिस को देख आरोपी ने तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने घेराबंदी कर किसी तरह आरोपी युवक को पकड़ लिया। उसके पास से तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने लाने के लिए लौटने लगी। इसपर आरोपी ने भाई व दोस्तों को आवाज देकर बुलाना शुरू कर दिया।
कुछ ही देर में आरोपी का भाई नदीम और आजम के अलावा गांव का ही फारुख, इरफान, इकरार, परवेज, इकरार, अनवर, सद्दाम, नाजिम व तज्जमुल समेत कुछ अन्य लोग लाठी-डंंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। धक्का-मुक्की करते हुए आरोपी को छुड़ाने की कोशिश करने लगे। युवकों ने हाथापाई भी की। मौके पर अफरातफरी मच गई।
इस दौरान उनकी वर्दी के बटन टूट गए। जबकि आरक्षी संजीव कुमार की वर्दी का शोल्डर फट गया। अतिरिक्त फोर्स पहुंचने पर पुलिस के सख्ती करने पर आरोपी रात का फायदा उठाकर मौके से भाग गए। किसी तरह हिरासत में लिए गए युवक को पुलिस साथ लेकर थाने पहुंची।
सुनगढ़ी इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मुख्य आरोपी जीशान को जेल भेज दिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
00
तमंचा तानने के मामले में भी रिपोर्ट दर्ज
चिड़ियादाह निवासी नदीम ने सुनगढ़ी पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि तीन साल पूर्व गांव का ही जीशान व उसका भाई आजम ऑनलाइन सट्टा व जुआ खिलाने का काम कर रहा है। आरोप है कि 24 जून की शाम चार बजे वह खेत पर काम कर रहा था। इस दौरान जीशान वहां से गुजरा तो उसने जुआ व सट्टा खिलाने का विरोध किया।
इसपर नाराज हुए जीशान ने उसपर तमंचा तान दिया। एक फायर करने का भी आरोप लगाया गया। किसी तरह बच घर पहुंचा तो आरोपी अपने भाई के साथ घर में घुस आया। परिजनों के साथ मारपीट कर घर का सामान भी तोड़ दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।