एसपी ने शहर के व्यापारियों के साथ बैठक की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर
उनसे रायशुमारी की। बैठक में व्यापारियों ने ओवरलोडिंग, स्कूली बच्चों की
सुरक्षा और शहर में पेट्रोलिंग बढ़ाए जाने आदि मुद्दों को भी उठाया।
एसपी
जितेंद्र कुमार शाही ने मंगलवार को व्यापारियों के साथ पहली बैठक पुलिस
लाइंस स्थित सभागार में की। उन्होंने व्यापारियों से उनकी समस्याएं पूछीं
और सुरक्षा व्यवस्था पर उनसे सुझाव भी मांगे। व्यापारियों ने एसपी को बताया
कि दुकानें बंद और खुलने के समय भीड़भाड़ कम होती है। ऐसे में व्यापारियों
के साथ अपराधिक घटनाएं होने का भय रहता है। उस दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग
बढ़ाई जाए।
ओवरलोड गन्ना भरे वाहनों के शहर में प्रवेश करने का समय
निश्चित हो। इसके अलावा अतिक्रमण, स्कूली बच्चों की सुरक्षा, रोडवेज बस
अड्डे के पास मार्गों पर खड़ी प्राइवेट बसों को हटवाने आदि के मुद्दे भी
उठाए गए। एसपी ने व्यापारियों से कहा कि शहर में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।
छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की एक टीम गठित की जाएगी,
जो स्कूलों के आसपास व बाजारों में घूमकर नजर रखेगी।
उन्होंने
व्यापारियों से अपील की यदि एक स्थान पर दो या तीन दिन से अधिक लोग खड़े
हों या फिर संदिग्ध व्यक्ति दिखाई पड़े तो तत्काल पुलिस को सूचना दें ताकि
समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बैठक में नगरपालिका चेयरमैन प्रभात
जायसवाल, उत्तर प्रदेश जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल जिलाध्यक्ष
अफरोज जिलानी, अश्वनी अग्रवाल, राजेश अग्रवाल उर्फ विचले, निजामुद्दीन
अंसारी, शैली अग्रवाल के अलावा सीओ सिटी कौशलेंद्र सिंह, शहर कोतवाल अतुल
प्रधान व प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी बृजेश सिंह व कई व्यापारी मौजूद रहे।